धर्मशाला। जिला स्तरीय आधार मॉनिटरिंग समिति की बैठक मंगलवार को अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले में आधार पंजीकरण की प्रगति की समीक्षा की गई। एडीसी विनय कुमार ने 0 से 5 वर्ष की आयु वर्ग के बच्चों के आधार पंजीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
उन्होंने शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग को केंद्रों में विशेष शिविर आयोजित कर सभी पात्र बच्चों का समय पर पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बताया कि 5 से 7 वर्ष और 15 से 17 वर्ष की आयु वर्ग के बच्चों के लिए बायोमीट्रिक अपडेशन अनिवार्य है, जो नि:शुल्क उपलब्ध है। उन्होंने विभागों को निर्देश दिए कि इस विषय पर जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।
एडीसी ने यह भी कहा कि जिन नागरिकों को 10 से 15 वर्ष पूर्व आधार कार्ड जारी हुए हैं, उन्हें भी अपने दस्तावेजों का नवीनीकरण कराना आवश्यक है ताकि आधार कार्ड सक्रिय बना रहे और भविष्य में किसी भी सरकारी योजना या सेवा का लाभ लेने में कोई बाधा न हो। बैठक में यूआईडीएआई के डिप्टी डायरेक्टर तेजेंद्रपाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में एडीसी ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे यूआईडीएआई के सर्विस प्लस पोर्टल पर लंबित आधार संबंधी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्रता से निपटाएं, ताकि 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों को समय पर सेवाएं मिल सकें। इस अवसर पर यूआईडीएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर विजय शंकर सिंह, दीपक कुमार, सहायक मैनेजर और टेक्नोलॉजी एवं गवर्नेंस विभाग से ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर रोहित कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।