कांगड़ा। विश्वविख्यात शक्तिपीठ माता बज्रेश्वरी मंदिर में सात दिन तक चला घृत मंडल पर्व मंगलवार को संपन्न हो जाएगा। साढ़े इक्कीस क्विंटल मक्खन से सजी माता की पिंडी से मंगलवार को घृत उतर जाएगा। अब श्रद्धालुओं को मक्खन से सजी मां की पिंडी के दर्शन अगले वर्ष होंगे। सात दिन तक चले इस पर्व में श्रद्धालुओं ने जहां माता के भव्य जागरण में हाजिरी भर मकर संक्रांति पर्व में शिरकत की। वहीं इसके बाद नगर परिषद मैदान में दो दिन तक आयोजित स्टार नाइट में झूमकर जिला स्तरीय पर्व को यादगार बनाया।
यही नहीं, नप मैदान में ही आयोजित व्यापारिक मेले में शहर और इसके साथ सटे क्षेत्रों के लोगों ने जमकर खरीदारी की। मंदिर अधिकारी शिवाली ठाकुर ने बताया कि सुबह दस बजे के बाद यह प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया जाएगा। बज्रेश्वरी मंदिर में घृत मंडल पर्व संपन्न होने के पश्चात मिलने वाले प्रसाद की मान्यता बाकी मंदिरों से बिल्कुल अलग है। पौराणिक काल से चली आ रही मान्यता के अनुसार इस प्रसाद को खाया नहीं जाता, अपितु यह प्रसाद चर्म रोगों में फायदा पहुंचाता है। संवाद