महिला एवं बाल विकास विभाग की नई पहल
घर बैठे जान सकेंगी पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेज
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। जिले की महिलाओं को अब महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। विभाग ने योजनाओं को अधिक सुलभ और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से विशेष क्यूआर कोड जारी किया है। इसे स्कैन करते ही महिलाओं को विभाग की विभिन्न योजनाओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध हो जाएगी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) अशोक कुमार ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य महिलाओं तक सरकारी योजनाओं की जानकारी सरल और त्वरित तरीके से पहुंचाना है। क्यूआर कोड के माध्यम से महिलाएं घर बैठे योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया तथा अन्य महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकेंगी। इससे जानकारी के अभाव में योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रहने वाली महिलाओं को भी सुविधा मिलेगी।
विभाग के अनुसार क्यूआर कोड आंगनबाड़ी केंद्रों, विभागीय कार्यालयों, शिविरों और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से व्यापक स्तर पर उपलब्ध कराया जा रहा है। महिलाएं अपने मोबाइल फोन से क्यूआर कोड स्कैन कर आसानी से विभागीय योजनाओं की जानकारी हासिल कर सकेंगी।