बरियाल (कांगड़ा)। पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेलमार्ग पर रेलगाड़ियों की शीघ्र बहाल होने की उम्मीद बढ़ गई है। अपने आश्वासन के मुताबिक उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार ने सोमवार को चक्की खड्ड पर बने रेलवे पुल का निरीक्षण किया। इसके बाद नूरपुर रोड से जवांवाला (जवाली) तक रेलवे ट्रैक का भी निरीक्षण किया। उनके साथ आए तकनीकी इंजीनियर को पुल सहित रेल ट्रैक का निरीक्षण कर शीघ्र रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को देने के आदेश दिए।
इस पुल के दो पिलर अगस्त 2022 में भारी बारिश के कारण ध्वस्त हो गए थे। तब से पठानकोट से जोगिंद्रनगर तक रेल सेवा बंद पड़ी है। वर्तमान में बैजनाथ से कांगड़ा तक ही रेलगाड़ियां दौड़ रही हैं, जबकि कांगड़ा से आगे पठानकोट तक सभी रेलवे स्टेशन सूने पड़े हैं। भारत जोड़ो लोकतांत्रिक राष्ट्र अभियान की राष्ट्रीय कोर कमेटी के सदस्य पीसी विश्वकर्मा ने बताया कि उन्होंने उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार से बात कर याद दिलाया कि उन्होंने दिल्ली में मिलने पर आश्वासन दिया है कि 26 जनवरी तक पठानकोट से जोगिंद्रनगर तक सीधी रेल सेवा बहाल कर दी जाएगी। इस पर महाप्रबंधक ने फिर आश्वासन दोहराया कि 26 जनवरी तक रेलगाड़ियां बहाल करने की रेलवे बोर्ड पूरी कोशिश कर रहा है।