फोटो कैप्शन; गुरुद्वारा नानक जोत साहिब कुठण्डल में गुरु पर्व पातशाही पहली के उपलक्ष्य पर 556वे
गुरुपर्व के उपलक्ष्य में शान से निकाली शोभायात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
राजा का तालाब (कांगड़ा)। गुरुद्वारा नानक जोत साहिब गांव कुठंडल राजा का तालाब की ओर से गुरु नानक के 556वें प्रकाश दिवस पर नगर कीर्तन निकाला गया। इससे पहले सोमवार को गुरु तपस्थान कुठंडल गुरुद्वारा में श्री अखंड पाठ साहिब का शुभारंभ किया गया। मंगलवार को पंच प्यारों की अगुवाई में गुरुद्वारा नानक जोत साहिब कुठंडल से चूहे का तालाब, रैहन, देहरी से होते हुए वापस कुठंडल तक नगर-कीर्तन के साथ शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान महिलाएं नंगे पांव और हाथों में झाड़ू लेकर शोभायात्रा के लिए रास्ता साफ करती हुईं आगे चलती रहीं। शोभायात्रा के साथ चलती महिलाओं ने क्षेत्र को भक्ति के रंग में डूबो दिया। इस मौके पर गुरु प्रेमी भक्तों ने चूहे का तालाब, रैहन और देहरी में राहगीरों समेत संगत को गुरु का प्रसाद बांटा। वहीं, चूहे का तालाब में संगत के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर गतका पार्टी ने जगह-जगह अपने हैरतंगेज करतबों से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। तपोस्थान के सेवादार कैप्टन बरियाम सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह नौ बजे श्री अखंड पाठ साहिब का भोग डाला जाएगा। 10 बजे अमृत संचार होगा। इसके बाद दोपहर तीन बजे तक रैन सवाई कीर्तन दरबार में प्रसिद्ध रागी जत्थे एवं गद्दी नशीन संत महात्मा कीर्तन व सत्संग के माध्यम से संगत को निहाल करेंगे। उन्होंने बताया कि बुधवार दोपहर बाद अटूट लंगर भी लगाया गया जबकि विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सौजन्य से बुधवार को निशुल्क मेडिकल कैंप का भी आयोजन किया गया। इसमें आंख, कान, नाक, गले, दिल, महिला रोग व शिशु रोग से संबंधित विशेषज्ञ डाॅक्टर मरीजों का नि:शुल्क चेकअप करेंगे।