परागपुर धनकवाली के पास विद्युत कर्मी बदबू होने के बाद भी कार्य करते हुए। स्रोत: संवाद
परागपुर (कांगड़ा)। धनकवाली के पास स्थापित 63 और 25 केवीए के दोनों ट्रांसफार्मर के चारों ओर कूड़े के ढेर लगे हैं। लोग यहां रोजाना कचरा फेंक रहे हैं। इससे जगह-जगह गंदगी और बदबू फैल गई है। हालत ये हैं कि बिजली बोर्ड के कर्मचारी भी अब वहां जाना नहीं चाहते, लेकिन मजबूरी में उन्हें उसी गंदगी में खड़े होकर काम करना पड़ता है। यहीं से केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय बलाहर के लिए सड़क भी है। ग्रामीणों अजय, अभिषेक, रजत, नीरज, कमल, राहुल, नवीन, दीपक, राजेश, संजय आदि का कहना है कि ट्रांसफार्मर के पास कूड़ा जमा होना खतरनाक है। सड़े हुए कचरे से गैस निकलती है और कभी भी आग लग सकती है। कई बार कचरा उठाने वाली मशीनों से ट्रांसफार्मर के तार भी टूट चुके हैं, जिससे करंट फैलने का डर बना रहता है। लोगों ने मांग की है कि ट्रांसफार्मर के चारों ओर यहां कूड़ा न फेंकने से संबंधित बोर्ड लगाए जाएं। जो लोग वहां कचरा फेंकते हैं, उन पर जुर्माना लगाया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द सफाई नहीं की गई तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। संवाद