धर्मशाला। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में देशभर में सरदार एट-दी-रेट 150 यूनिटी मार्च का आयोजन किया जाएगा। इस कड़ी में 31 अक्तूबर से 25 नवंबर तक देश मोबाइल स्क्रीन से मंच तक सरदार पटेल की एकता की बात करेगा। यह बात लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने वीरवार को धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि यूनिटी मार्च के तहत सांसद और विधायक प्रतिदिन 8 से दस किलोमीटर तक की पदयात्रा करेंगे। यह यूनिटी मार्च और पदयात्रा देशविरोधी ताकतों को करारा जवाब देगी। यूनिटी फॉर रन पीएम मोदी की कल्पना है, जिसे सांसदों के माध्यम से साकार करते हुए जनमानस तक पहुंचाने का कार्य दिया गया है। इसके तहत एक लाख युवाओं को अखंड भारत की ओर प्रेरित करना मुख्य उद्देश्य है। राजीव ने कहा कि इस दौरान सड़कों पर लघु भारत की झलक नजर आएगी।
31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक देशभर में पदयात्राएं होंगी। इसके बाद देश के हर जिले से 4 युवा दिल्ली से सरदार वल्लभ भाई के अखंड भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगे। पदयात्रा में योग, स्वास्थ्य शिविर, व्याख्यान, वाद-विवाद, नशामुक्त भारत का संकल्प लेने के साथ स्वास्थ्य भारत का संदेश दिया जाएगा। सांसद ने कहा कि कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के चार संगठनात्मक जिलों कांगड़ा, पालमपुर, नूरपुर और चंबा में पदयात्राएं होंगी। कांगड़ा के संगठनात्मक जिलों में 16 से 19 नवंबर और चंबा संगठनात्मक जिला में 20 से 23 नवंबर तक पदयात्राएं की जाएंगी। ब्यूरो