धर्मशाला। अंतरराष्ट्रीय ट्रैकिंग स्थल त्रियूंड एक युवक के लापता होने का मामला सामने आया है। हालांकि बाद में पुलिस की छानबीन में खुलासा हुआ कि युवक अपने घर सुरक्षित पहुंच चुका है। जानकारी के अनुसार जोगिंद्रनगर का रहने वाला एक युवक, जो कि ऊना में रहता है, वह शनिवार को धर्मशाला आया था। उसने अपने दोस्त को बताया था कि वह त्रियूंड घूमने जाएगा। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया।
उससे संपर्क न होने के बाद दोस्त ने मैक्लोडगंज थाना में उसके लापता होने की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि युवक ऊना से आया था और त्रियूंड से आकर घर वापस लौट गया है। एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मोबाइल बंद होने के चलते युवक से उसके दोस्त का संपर्क न होने पर मैक्लोडगंज पुलिस को सूचना दी गई थी। जबकि युवक त्रियूंड से आकर वापस चला गया है।
पंजाब के हुड़दंगी युवकों का काटा चालान
धर्मशाला। मैक्लोडगंज पुलिस थाना के अंतर्गत पंजाब के युवकों को हुड़दंग मचाना महंगा पड़ गया। पुलिस ने युवकों के चालान काटकर कार्रवाई अमल में लाई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि सेंट जॉन चर्च आफ वाइल्डरनेस के समीप कुछ युवक हुड़दंग मचा रहे हैं, जिस पर पुलिस टीम मौका पर पहुंची और हुड़दंग मचा रहे युवकों के चालान काटे गए। एएसपी बीर बहादुर ने मामले की पुष्टि की है।