देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। प्रदेश सरकार ने राज्य के वास्तविक जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे) और अंत्योदय सूचियों के पुनरीक्षण अभियान को और तेज कर दिया है। परागपुर और देहरा विकास खंडों में तीसरे चरण का सर्वे 31 जनवरी को संपन्न हो गया है। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विभाग अब चौथे चरण का विशेष सर्वे शुरू करने जा रहा है जिससे कोई भी पात्र परिवार सरकारी सहायता से वंचित न रहे। मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद विभाग ने नियमों में उदारता बरतते हुए उन परिवारों को भी राहत देने का निर्णय लिया है जिन्हें पूर्व में आवास अनुदान मिला था।
परागपुर विकास खंड में सर्वे के तीन चरणों के बाद कुल 595 नए परिवारों का चयन किया गया है। इसमें पहले चरण में 278, दूसरे में 151 और तीसरे चरण में 166 परिवार शामिल हैं। इससे पहले इस ब्लॉक में 3235 परिवार बीपीएल सूची में शामिल थे, जिनकी पात्रता की अब सूक्ष्मता से जांच की जा रही है।
वहीं, देहरा विकास खंड में भी अब तक कुल 446 परिवारों को सूची में स्थान मिला है, जिसमें पहले चरण में 195, दूसरे में 156 और तीसरे चरण में 95 परिवारों को पात्र माना गया है। इस विकास खंड में 2683 लोगों ने बीपीएल सूची में शामिल होने के लिए आवेदन किया था, जिसमें अब तक के सर्वे में 2237 परिवार अपात्र पाए गए। हालांकि, पूर्व की सूचियों की तुलना में ये आंकड़े अभी कम दिख रहे हैं सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक अंतरिम प्रगति है और अभी अंतिम सूची का प्रकाशन होना शेष है।
कोट्स...
बीपीएल और अंत्योदय परिवारों का चयन सरकारी गाइडलाइन के अनुसार ही किया जा रहा है। कई पात्र परिवारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, उन्हें एक और मौका दिया जा रहा है। विभाग की प्राथमिकता है कि हर गरीब को उसका हक मिले, इसीलिए चौथे चरण का सर्वे शुरू किया गया है।
- अशोक कुमार, खंड विकास अधिकारी, परागपुर