इंदौरा। वन संपदा के अवैध कटान और सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध वन विभाग इंदौरा ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने पलाहघाट के समीप नाकाबंदी के दौरान लकड़ी से लदे चार मालवाहक वाहन पकड़े हैं। इनमें तीन पिकअप और एक कैंटर शामिल हैं। पकड़े गए वाहनों में करीब 150 क्विंटल लकड़ी लदी होने का अनुमान है। वाहन चालक लकड़ी के कटान और परिवहन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करसके।
वन माफिया गंगथ-सहौड़ा मार्ग से इंदौरा की ओर लकड़ी की खेप ले जाने की फिराक में था। पलाहघाट के निकट नाकाबंदी के दौरान इन चारों वाहनों को जांच के लिए रोका गया था। मौके पर किसी भी तरह की अनुमति या प्रमाण न मिलने पर विभाग ने वाहनों को लकड़ी सहित कब्जे में ले लिया।
वन खंड अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि वन परिक्षेत्र अधिकारी अब्दुल हमीद और वन मंडल अधिकारी संदीप कोहली के निर्देश पर क्षेत्र में गश्त बढ़ाई गई है। संवेदनशील मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है जिसके चलते विभाग को यह सफलता मिली है।
वन मंडल अधिकारी संदीप कोहली ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए स्पष्ट किया कि वन संपदा का अवैध कटान और गैरकानूनी परिवहन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध विभाग का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।