धर्मशाला। फ्रेडरिक नौमन फाउंडेशन दक्षिण एशिया प्रतिनिधिमंडल ने धर्मशाला स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच कर हिमाचल प्रदेश पुलिस की कार्यप्रणाली का अध्ययन किया। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांगड़ा हितेश लखनपाल ने प्रतिनिधिमंडल को कानून व्यवस्था समेत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं की जानकारी उपलब्ध करवाई। इस प्रतिनिधिमंडल में जर्मनी और आस्ट्रिया के कुछ सांसद, काउंसलर और अन्य लोग शामिल थे। इस बैठक के दौरान उप पुलिस अधीक्षक निशा समेत अन्य पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने मैक्लोडगंज स्थित तिब्बती धर्मगुरु 14वें दलाई लामा से मुलाकात की। दलाई लामा ने धर्मशाला में अपने आवास पर फ्रेडरिक नौमन फाउंडेशन दक्षिण एशिया प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। इस मौके पर तिब्बती सूचना और अंतरराष्ट्रीय संबंध विभाग (सीटीए) के सचिव कर्मा चोयिंग भी साथ रहे।