कांगड़ा। पुलिस थाना कांगड़ा के अंतर्गत खोली गांव में 38 वर्षीय महिला पूजा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद माहौल गरमा गया है। मामले में पुलिस ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका की मां की शिकायत पर नामजद सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पति, सास, ससुर, जेठ और जेठानी के खिलाफ प्रताड़ना की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच आगे बढ़ा दी है।
इस बीच शुक्रवार को खोली क्षेत्र से सैकड़ों ग्रामीण एकजुट होकर कांगड़ा थाने पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के समक्ष गुहार लगाई कि मृतका के दो छोटे-छोटे बच्चे घर पर अकेले हैं। पूरे परिवार के हिरासत में होने के कारण उनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है। उन्होंने मानवीय संवेदनाओं का हवाला देते हुए मांग की कि परिवार के एक-दो सदस्यों को जमानत पर रिहा किया जाए, ताकि बच्चों का पालन-पोषण हो सके।
उल्लेखनीय है कि पूजा ने बुधवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगल लिया था, जिसकी टांडा मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि 2013 में विवाह के बाद से ही उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। पुलिस ने ग्रामीणों को शांत करवाते हुए आश्वस्त किया कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होगी।
उधर, एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने कहा कि शिकायत के आधार पर पति, सास-ससुर, जेठ और जेठानी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है। थाने आए ग्रामीणों को जांच की स्थिति से अवगत कराकर शांत करवाया गया है। मामले की जांच कानून और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रहा है।