धर्मशाला। फसल बीमा योजना के अंतर्गत किसान अपनी मक्की और धान की फसलों का बीमा 31 जुलाई तक करवा लें। प्राकृतिक कारणों से किसानों की फसलों को यदि नुक्सान होता है तो फसल बीमा योजना के अंतर्गत इसकी भरपाई की जा सकती है।
उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि जिन किसानों ने किसान क्रेडिट कार्ड से ऋण लिया है, उनकी फसल का बीमा बैंक स्वतः करता है, लेकिन उन्हें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके खाते से प्रीमियम राशि कट चुकी है। वहीं बिना लोन वाले किसान किसी भी लोक मित्र केंद्र में जाकर बीमा करवा सकते हैं। इसके लिए उन्हें फोटो, पहचान पत्र, पता प्रमाण और खसरा नंबर साथ लाना होगा।
इस योजना के अंतर्गत फसलों का बीमा करवाने की अंतिम तिथि अब 15 जुलाई से बढ़ कर 31 जुलाई हो गई है। इस योजना के तहत 48 रुपये प्रति कनाल प्रीमियम पर किसानों को 2400 रुपये प्रति कनाल तक का जोखिम कवरेज मिलता है। पिछले वर्ष कांगड़ा जिले के 4412 किसानों को इस योजना से 83.41 लाख रुपये का मुआवजा मिला था।