धर्मशाला। पर्यटन नगरी धर्मशाला के समीप नड्डी में प्रस्तावित एशिया की सबसे लंबी जिपलाइन परियोजना के संबंध में बुधवार को समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि समन्वय के साथ संयुक्त बैठकें और साइट निरीक्षण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण की जाए। उन्होंने वन विभाग से जुड़ी औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए।
बताया कि नड्डी व्यू प्वाइंट क्षेत्र में लगभग 5.3 किलोमीटर लंबी जिपलाइन का निर्माण प्रस्तावित है। इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 7.50 करोड़ रुपये है। इसे 36 महीनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यह जिपलाइन धौलाधार पर्वत शृंखला की वादियों के बीच स्थापित की जाएगी। इसके लिए पेड़ों की कटाई नहीं की जाएगी।
बैठक में डल स्थित दुर्वेश्वर मंदिर में होने वाली आरती, उसके सौंदर्यीकरण एवं अन्य संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर एडीएम कांगड़ा शिल्पी बेक्टा, डीएफओ अमित शर्मा, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता सुमित कटोच, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता विकास ठाकुर, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग शुभांक शर्मा, तहसीलदार धर्मशाला गिरिराज, बीडीओ अभिनीत कात्यायन, प्रोजेक्ट प्रमोटर विवेक महाजन, रोपवे विभाग के अधिकारी, एचआरटीसी बीओडी के निदेशक विवेक राणा, हिमाचली लोकगायक सुनील राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय गण्यमान्य उपस्थित रहे।
घरोह में विद्युत संचालित हैंडपंप लोकार्पित
केवल सिंह पठानिया ने घरोह पंचायत के वार्ड नंबर-3 में विद्युत संचालित हैंडपंप का लोकार्पण किया। लगभग तीन लाख रुपये की लागत से हैंडपंप तैयार किया गया है। पूर्व प्रधान हंस राज ने कहा कि विधायक के प्रयासों से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है।
अंडरपास परियोजना का किया निरीक्षण
केवल सिंह पठानिया बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे रेहलू रोड पहुंचे और प्रस्तावित अंडरपास निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों से चर्चा की। उन्होंने मौके का निरीक्षण कर परियोजना की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। एसडीएम शाहपुर को निर्देश दिए कि अंडरपास का विस्तृत प्रारूप शीघ्र तैयार किया जाए। लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई के आरओ सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ शिमला में जल्द बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने लोक निर्माण विभाग को सड़क की दोनों ओर नालियां बनाने और सड़क को कंक्रीट से मजबूत करने के निर्देश दिए। संबंधित विभागों को पानी और बिजली की व्यवस्था को दुरुस्त करने को कहा। उन्होंने जनसमस्याएं भी सुनीं।
शाहपुर में रेहलू रोड पर बन रहे अंडरपास का निरीक्षण करने पहुंचे उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया