मंडी में हिमालयन दिव्यांग कल्याणसंस्था की आयोजित बैठक की अध्यक्षता करती अध्यक्ष हेमलता पठानिय
हिमालय दिव्यांग कल्याण संस्था की बैठक में उठाए मुद्दे
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। हिमालय दिव्यांग कल्याण संस्था की मासिक बैठक जिला प्रधान हेमलता पठानिया की अध्यक्षता में हुई। इसमें जिलेभर से आए दिव्यांगजनों ने भाग लेकर विभिन्न समस्याओं और मांगों पर चर्चा की।
बैठक में प्रस्ताव पारित कर हाल ही में प्रदेश सरकार की ओर से प्रस्तुत चौथे बजट में 100 प्रतिशत दिव्यांगों की पेंशन 3,000 रुपये करने के निर्णय का स्वागत किया गया। वहीं, दूसरी ओर अन्य श्रेणियों के दिव्यांगों को इस बजट में पेंशन का लाभ न मिलने पर नाराजगी भी व्यक्त की गई। संस्था ने मुख्यमंत्री से सभी दिव्यांगों के लिए समान पेंशन व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई। इसके अलावा बैठक में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लगी लिफ्ट के अक्सर बंद रहने का मुद्दा भी उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि इससे बुजुर्गों और दिव्यांगों को ऊपरी मंजिल तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। बैठक में यूडीआईडी कार्ड को लेकर भी चर्चा हुई। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि यह कार्ड पूरे देश में दिव्यांगों की एक महत्वपूर्ण पहचान है। राज्य में भी यूडीआईडी कार्ड को पूरी तरह मान्यता दी जाए। इसके अलावा उपायुक्त कार्यालय मंडी के बाहर शौचालय सुविधा की कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। उन्होंने बताया कि कार्यालय परिसर में शौचालय होने के बावजूद अक्सर बंद रहते हैं, जिससे बुजुर्गों और दिव्यांगों को परेशानी होती है। संस्था ने कार्यालय के बाहर सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग उठाई। संस्था ने चेतावनी दी कि यदि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय में आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। इस मौके पर संस्था की जिला प्रधान हेमलता पठानिया सहित अन्य दिव्यांग मौजूद रहे।