धर्मशाला। सर्दियों की शुरुआत के साथ ही धर्मशाला में बिजली की खपत भी बढ़ने लगी है। अक्तूबर के मुकाबले नवंबर में बिजली की मांग पांच एमवीए बढ़कर करीब 25 एमवीए तक पहुंच गई है। सर्दियों के चरम पर यह मांग 45 एमवीए तक पहुंचने का अनुमान है।
गर्मियों में धर्मशाला और पालमपुर क्षेत्रों में ठंडे मौसम के कारण एसी और कूलर का उपयोग कम होता है, जिससे खपत कम रहती है। हालांकि निचले क्षेत्रों में गर्मियों में बिजली की खपत अधिक होती है। मगर सर्दियों में ठंड बढ़ने के कारण एसी, हीटर और अन्य उपकरणों के इस्तेमाल से बिजली की खपत बढ़ जाती है।
विद्युत मंडल धर्मशाला के अधिशासी अभियंता विकास ठाकुर ने कहा कि अक्तूबर के मुकाबले नवंबर में बिजली की खपत अधिक हो रहा है। बिजली की मांग में पांच से 10 एमवीए का इजाफा हुआ है। गर्मियों में धर्मशाला क्षेत्र में 20 से 22 एमवीए की खपत होती है, जबकि सर्दियों में खपत 45 एमवीए तक पहुंच जाती है। बोर्ड मांग के अनुसार उपभोक्ताओं को बिजली उपलब्ध करवा रहा है।