धर्मशाला। विधानसभा क्षेत्र धर्मशाला की पंतेहड़ पंचायत के पासू गांव में रविवार को कई घरों के अचानक वोल्टेज बढ़ने से विद्युत उपकरण जल गए। इससे लोगों को लाखों रुपये का नुकसान हो गया है। जानकारी के अनुसार रविवार को दोपहर 12 से एक बजे के बीच अचानक एक दम बिजली की वोल्टेज बढ़ गई और घर के उपकरण से जलकर धुआं सा निकलने लगा। वहीं, जल रहे बिजली के बल्ब भी टूट गए। रमेश कुमार, रंजीत, किशोरी लाल, जोगिंद्र सिंह ने बताया कि रविवार को दोपहर को मौसम भी ठीक था और न ही आसमानी बिजली गिरी थी। पर अचानक वोल्टेज बढ़ने से टीवी, फ्रिज, चिमनी, सेट आफ बॉक्स सहित कई अन्य उपकरण खराब हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे लोगों को खास नुकसान हुआ है। वहीं इसके बाद बिजली भी गुल हो गई। लेकिन बाद में थोड़ी देर बाद बिजली आ गई। वहीं, विद्युत डिविजन दो के एसडीओ रमेश कुमार ने कहा कि अभी तक हमारे पास किसी भी तरह की कोई भी शिकायत नहीं आई है। वही अगर ऐसा हुआ है तो इसकी जांच की जाएगी।