बैजनाथ (कांगड़ा)। उपमंडल की सेहल पंचायत में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (वाटर शेड विकास घटक 2.0) के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने लगभग 200 किसानों को निशुल्क इलेक्ट्रिक स्प्रे पंप वितरित किए।
उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि यंत्रों से किसानों को दवा व खाद छिड़काव में सुविधा मिलेगी और फसल प्रबंधन बेहतर होगा। उन्होंने हाल ही में केंद्रीय रेल मंत्री से भेंटकर पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेल लाइन को नैरोगेज से ब्रॉडगेज में बदलने की मांग प्रमुखता से उठाई है, जिस पर रेल मंत्री ने सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया है।
सांसद ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले बच्चों और महिला मंडलों को 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का एलान किया। कार्यक्रम में एसडीएम संकल्प गौतम, बीडीओ डॉ. विवेक गुलेरिया, राम लाल, रविंद्र कुमार, सेहल पंचायत के प्रधान सन्नी कपूर और डॉ. गुरमीत कटोच सहित कई व्यक्ति उपस्थित रहे।
-
187 करोड़ से अधिक की परियोजनाएं जारी
पेयजल और विद्युत: क्षेत्र में 92 करोड़ रुपये की लागत से महत्वाकांक्षी पेयजल योजना का निर्माण जारी है। 60 करोड़ रुपये की लागत से नया विद्युत सब-स्टेशन स्थापित किया जा रहा है।
सड़क और परिवहन: 28 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बैजनाथ-पपरोला बाईपास के लिए प्रदेश सरकार ने 1.32 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। 18 लाख रुपये से तैयार आधुनिक बस अड्डा जल्द जनता को समर्पित होगा।
खेल और पर्यटन: युवाओं के लिए पांच करोड़ रुपये की लागत से इंडोर स्टेडियम और दो करोड़ रुपये से खीरगंगा घाट के सौंदर्यीकरण कार्य को गति दी जा रही है।
-
सेहल के लिए 21 लाख से अधिक की घोषणाएं
सांसद ने सेहल पंचायत में विकास कार्यों की झड़ी लगाई। उन्होंने श्मशानघाट के सुदृढ़ीकरण के लिए पांच लाख रुपये, वार्ड नंबर-1 में पक्की सड़क निर्माण के लिए पांच लाख रुपये और स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ट्यूबवेल लगाने की घोषणा की। इसके अलावा खेल मैदान के सुधार और पुराने ट्रांसफार्मर को अपग्रेड करने का भी आश्वासन दिया।