पुलिस थाना हरिपुर क्षेत्र के अंतर्गत पड़ते महेवा गाँव से कुए में मिले शव की जांच करते हुए पुलिस।
गुलेर(कांगड़ा)। पुलिस थाना हरिपुर क्षेत्र के अंतर्गत महेवा गांव से लापता एक बुजुर्ग का शव बुधवार को गांव के एक खेत के पास कुएं से बरामद किया है। शव को कुएं में देखे जाने के बारे में पुलिस को सूचना दी गई और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कुएं से बाहर निकाला। मृतक की पहचान चंद राज (76) के रूप में हुई है। पुलिस से जानकारी के अनुसार चंद राज का पुत्र बुधवार को खेतों में पशु चरा रहा था। इस दौरान उसने कुएं के अंदर देखो तो उसे पानी में शव दिखाई दिया।
जिस पर पुलिस थाना हरिपुर को इस बारे में सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग अकसर कुएं के पास बैठा रहता था। वह 10 मई को अपने घर से लापता हो गए और जब परिजन सुबह उठे तो उन्हें चंद राज घर पर नहीं दिखे और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। इसके बाद 13 मई को परिवार के सदस्यों ने पुलिस थाना हरिपुर में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देहरा अस्पताल भेज दिया। उधर, एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद चल पाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।