देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। देहरा में दशहरा पर्व पर बतौर मुख्यातिथि पहुंची विधायक कमलेश ठाकुर ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को रामायण का अनुसरण करना चाहिए। दशहरा बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। अहंकार बड़े से बड़े शक्तिशाली व्यक्ति को भी खत्म कर देता है।रावण चार वेदों का ज्ञाता होने के बाद भी अहंकारी हो गया और छल कपट के रास्ते पर चल पड़ा। यही अहंकार रावण को ले डूबा।
विधायक कमलेश ने कहा कि हम प्रभु श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं देहरावासियों की ऋणी हूं जो उन्होंने देहरा की बेटी को मायके में त्योहार मनाने का अवसर दिया। बेटियां अपने मायके में त्योहार मनाने के लिए तरस जाती हैं।
उन्होंने कहा कि देहरा के दशहरे को राज्य स्तरीय बनाने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से बात करूंगी। इस अवसर पर उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल देव सूद, रामलीला कमेटी देहरा के प्रधान नीतीश परमार, केसीसी बैंक के निदेशक सुनील कश्यप, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग देहरा डॉ सुरेश वालिया, केवल वालिया, पुजारी मनोज भारद्वाज, पूर्व पार्षद पंकज मेहरा, नवीन वैद, सौरभ सूद, अभय चौहान और नरेश कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।