लंबागांव (कांगड़ा)। युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादवेंद्र गोमा ने शुक्रवार को राजकीय बहुतकनीकी संस्थान तलवाड़ में एक करोड़ 80 लाख रुपये से निर्मित टाइप-4 अवासों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र जयसिंहपुर में जनहित एवं सामाजिक कार्यों को प्रतिबद्धता से किया जा रहे हैं।राज्य सरकार ने प्रदेश में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं।
सरकार का प्रयास है कि युवाओं के हुनर को तराश कर नई दिशा प्रदान की जाए, ताकि वे रोजगार प्राप्त करने लिए उपयुक्त ज्ञान, कौशल से परिपूर्ण हों। आयुष मंत्री ने कहा कि झुंग्गा देवी के समीप सोलबनेहड़ में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल के निर्माण किया जा रहा है।
नागरिक अस्पताल जयसिंहपुर को आदर्श स्वास्थ्य संस्थान की श्रेणी में शामिल किया है, जिसके तहत आधुनिक उपकरणों और अधोसरंचना पर लगभग एक करोड़ रुपये खर्च किया जाएंगे। स दौरान उन्होंने लोगाें की समस्याएं भी सुनीं। मंत्री ने स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों की मांग पर कैलाश महिला मंडल भवन के शेष बचे कार्य के निर्माण के लिए 1.5 लाख, सामुदायिक भवन तलवाड़ में छत डालने के लिए शुरुआती तौर पर तीन लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने पंचायत भवन के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चयन करने के निर्देश दिए, ताकि भूमि उपलब्ध होने के बाद निर्माण कार्य के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाई जा सके। उन्होंने तलवाड़ चौक पर सोलर हाई मास्ट लाइट लगवाने का भी आश्वासन दिया।
इस अवसर पर पंचायत प्रधान रेनू देवी और अधिसासी अभियंता लोक निर्माण विभाग संजीव वर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।