धर्मशाला। कांगड़ा पुलिस ने एक बड़े नशा तस्कर संजय कुमार उर्फ छप्पन निवासी रक्कड़, तहसील धर्मशाला की 1.27 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है। इस संपत्ति में दो मकान और एक वाहन शामिल हैं। दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकार से मंजूरी मिलने के बाद कांगड़ा पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
आरोपी संजय कुमार उर्फ छप्पन और उसकी साथी सुमन कुमारी उर्फ वर्षा को 6 अप्रैल 2025 को उनके घर से 1.246 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया गया था। पुलिस को लगातार इन आरोपियों के खिलाफ नशे के अवैध धंधे में संलिप्त होने की सूचनाएं मिल रही थीं। इसके बाद यह कार्रवाई अमल में लाई गई।
पुलिस के अनुसार संजय कुमार उर्फ छप्पन के खिलाफ पहले भी 18 मार्च 2018 को एनडीपीएस एक्ट और अन्य धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए थे। इन मामलों के बावजूद आरोपी लगातार नशे के अवैध धंधे में सक्रिय था। अप्रैल में उसके खिलाफ दर्ज हुए नए मामले के बाद, उसकी संपत्तियों की वित्तीय जांच शुरू की गई।
कांगड़ा पुलिस ने सक्षम प्राधिकार एवं प्रशासन, दिल्ली के समक्ष इन संपत्तियों को जब्त करने का मामला भेजा था। दिल्ली से 1,27,71,816 रुपये की कुल संपत्ति की जब्ती के आदेश कांगड़ा पुलिस को प्राप्त हुए। जब्त की गई संपत्ति में आरोपी की एक संपत्ति 1,02,94,300 रुपये दूसरी 22,59,600 रुपये और एक वाहन 2,17,916 रुपये का है।
एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि नशा तस्कर छप्पन की संपत्ति पुलिस ने जब्त कर ली है। इसके अतिरिक्त पुलिस अन्य नशा तस्करों की भी 51 रुपये लाख की संपत्ति जब्त कर चुकी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ उनकी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।