धर्मशाला। पुलिस थाना बीड़ के तहत दर्ज गुमशुदगी के मामले में लापता जोगिंद्र सिंह का सुराग लगाने के लिए पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं। बीड़ थाने में 2 अगस्त को दर्ज प्राथमिकी के बाद से ही पुलिस चौकी मुलथान के जवान और बचाव दल ढूंढणी के ऊपरी दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में खाक छान रहे हैं।
एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि क्षेत्र के अत्यधिक दुर्गम होने के साथ-साथ खराब मौसम, लगातार बारिश और घनी धुंध के कारण राहत व बचाव टीमों को खोजबीन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले चार-पांच दिनों से जारी इस गहन तलाशी अभियान में अब ड्रोन कैमरों की मदद भी ली जा रही है। कठिन परिस्थितियों के बावजूद पुलिस और स्थानीय लोगों की संयुक्त टीमें लगातार पहाड़ियों में गुमशुदा व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई हैं।