धर्मशाला। नगर निगम धर्मशाला के वार्ड नंबर 15 खनियारा में पेयजल संकट गहरा गया है। प्राकृतिक जलस्रोत होने के बावजूद वार्ड में पेयजल की नियमित आपूर्ति नहीं हो रही है। जब कभी पानी आ रहा है तो पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल रहा। जिस कारण लोग परेशान हैं। गर्मी के मौसम में पानी की खपत बढ़ जाती है। खाना पकाने के अलावा नहाने और कपड़े धोने के लिए भी पानी की आवश्यकता रहती है।
लेकिन पर्याप्त मात्रा में पानी न आने से लोगों को गर्मी के मौसम में परेशानी झेलनी पड़ रही है। खास बात यह है कि खनियारा में तीन जल विद्युत परियोजनाएं भी हैं। इन परियोजनाओं के लिए तो पर्याप्त मात्रा में पानी है, लेकिन लोगों के नलों में पानी नहीं है। ओम प्रकाश, संजय कुमार, बलदेव सिंह और विशाल ने कहा कि उनके वार्ड में पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं आ रहा। रोजाना महज सुबह के समय ही पानी की आपूर्ति होती है, लेकिन पानी इतना काम आ रहा है कि कभी तो दो बाल्टी पानी भी नहीं मिल रहा। उन्होंने जलशक्ति विभाग से गुहार लगाई है कि जल्द पेयजल समस्या का समाधान किया जाए या उनके वार्ड में बिजली मोटरयुक्त हैंडपंप स्थापित किया जाए। पर्याप्त मात्रा में पानी न मिलने से लोगों में आक्रोश है।
उधर, जलशक्ति विभाग धर्मशाला के एसडीओ पंकज चौधरी ने कहा कि मुख्य पाइप लाइन में वेल्डिंग का कार्य चला हुआ था, लेकिन अब यह कार्य पूरा हो चुका है। किस वजह से पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल रहा, इसकी जांच की जाएगी।