डॉ. राहुल शर्मा।
पालमपुर (कांगड़ा)। लंबागांव विकास खंड की आलमपुर पंचायत के डॉ. राहुल शर्मा का चयन प्रदेश सरकार के कृषि विभाग के अधीन राज्य कृषि विपणन बोर्ड में सचिव (श्रेणी-1) पद के लिए हुआ है। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय बनी है।
डीएवी स्कूल आलमपुर से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त करने वाले डॉ. शर्मा ने सीएसके हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर से बीएससी (कृषि), एमएससी (एग्रोनॉमी) और पीएचडी (एग्रोनॉमी) पूरी की है। एमएससी और पीएचडी दोनों स्तरों पर उन्हें विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। शैक्षणिक योगदान के लिए उन्हें श्रेष्ठ शोध छात्र पुरस्कार, श्रेष्ठ एमएससी थीसिस पुरस्कार, यंग एग्रोनॉमिस्ट अवॉर्ड और सर्वश्रेष्ठ पोस्टर प्रस्तुति पुरस्कार (दो बार) सहित कई सम्मान प्राप्त हुए हैं। अब तक उन्होंने पांच शोध पत्र, पांच पुस्तक अध्याय प्रकाशित किए हैं और दो पुस्तकों के संपादन में योगदान दिया है। छात्र नेतृत्व में सक्रिय रहते हुए डॉ. शर्मा कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में छात्र संघ के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनके पिता कमल किशोर शर्मा भवारना में राजस्व विभाग में फील्ड कानूनगो के पद पर कार्यरत हैं।