जोगिंद्रनगर में पहुंची व्यवसायिक सिलिंडरों की गाड़ी।
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर में माह की शुरुआत में ही घरेलू गैस का संकट गहरा गया है। इससे उपभोक्ता आक्रोशित हैं। गैस उपभोक्ताओं ने धरना-प्रदर्शन का मन बना लिया है।
सोमवार को जोगिंद्रनगर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू गैस सिलिंडर की आपूर्ति न होने से गैस एजेंसी संचालकों के विरुद्ध उपभोक्ताओं ने नाराजगी जाहिर की। पूजा, महेश, सुनील कुमार, सविता का कहना था कि छह दिन में उन्हें गैस सिलिंडर हासिल करने के लिए एजेंसी के चक्कर काटने पड़े लेकिन मायूस कर लौटा दिया गया। ऐसा ही जारी रहा तो उन्हें धरना-प्रदर्शन करना पड़ेगा।
गैस उपभोक्ता पूजा का आरोप है कि वह सड़क किनारे गैस की गाड़ी का इंतजार करती रही लेकिन एजेंसी संचालकों से संतोषजनक जवाब न मिलने पर लगातार परेशानी झेलनी पड़ी। उधर, सुकाबाग निवासी आदित्य ने बताया कि उन्हें भी घरेलू गैस हासिल करना चुनौती बन गया है। इंडेन गैस एजेंसी के प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि अप्रैल माह में अभी तक गैस एजेंसी में केवल दो गैस की गाड़ियां ही पहुंची है। इस कारण उन्हें आपूर्ति के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए पहुंची गैस की गाड़ी
जोगिंद्रनगर में घरेलू गैस सिलिंडर के संकट के बीच व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए एक गाड़ी पहुंचने पर कारोबारियों को काफी राहत मिली। मेला कारोबारियों को व्यावसायिक सिलिंडर मिलना शुरू हो गए हैं। होटल, ढाबा, रेस्तरां के उपभोक्ताओं को 100 से अधिक व्यावसायिक सिलिंडर इंडेन गैस एजेंसी ने उपलब्ध करवाए हैं। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के निरीक्षक केसी पुरी ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं को घरेलू गैस की आपूर्ति नहीं हो पाई है उनकी सूची हासिल कर उपमंडल के गैस एजेंसी संचालकों को आवश्यक दिशानिर्देश जारी किए जा रहे हैं।