ज्वालामुखी (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश योग खेल संघ के तत्वावधान में जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन कांगड़ा की ओर से जिला स्तरीय चैंपियनशिप का आयोजन 15 जून को नूरपुर में किया जाएगा। यह जानकारी संघ के अध्यक्ष रामतीर्थ शर्मा ने दी। प्रतियोगिता में कांगड़ा जिला के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और योग संस्थानों के प्रतिभागी भाग लेंगे। आयोजन छह आयु वर्गों में होगा। सब जूनियर (10-14 वर्ष), जूनियर (14-18 वर्ष), सीनियर (18-28 वर्ष), सीनियर-ए (28-35 वर्ष), सीनियर-बी (35-45 वर्ष) और सीनियर-सी (45-55 वर्ष)। प्रतियोगिता की श्रेणियों में ट्रेडिशनल योगासन, आर्टिस्टिक योगासन (सिंगल, पेयर, ग्रुप) और रिदमिक योगासन (पेयर) शामिल हैं। प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। साथ ही उन्हें आगामी राज्य स्तरीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में भाग लेने का मौका मिलेगा। प्रतिभागियों के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 जून है। विलंब शुल्क के साथ 15 जून सुबह 9 बजे तक आवेदन किया जा सकता है।