जिला स्तरीय श्री सिद्ध पीठ बाबा क्यालू महाराज दंगल के शुभारंभ पर झंडा रस्म में भाग लेेते विधायक
गंगथ/डमटाल (कांगड़ा)। विधानसभा क्षेत्र के गंगथ में सोमवार को चार दिवसीय जिला स्तरीय श्री सिद्ध पीठ बाबा क्यालू महाराज महादंगल का शोभायात्रा के साथ शुभारंभ हुआ। विधायक मलेंद्र राजन मुख्य अतिथि और एसडीएम डॉ. सुरिंद्र ठाकुर वशिष्ठ अतिथि शामिल हुए। महादंगल 2 से 5 जून तक आयोजित होगा। शोभायात्रा के उपरांत पारंपरिक झंडा रस्म का आयोजन हुआ, जिसे विधिपूर्वक संपन्न किया। विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि श्री क्यालू बाबा महाराज दंगल केवल एक कुश्ती प्रतियोगिता नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर, सामाजिक एकता और ग्रामीण जीवनशैली की जीवंत अभिव्यक्ति है।
यह आयोजन युवाओं को न केवल खेल के प्रति प्रेरित करता है, बल्कि उन्हें अनुशासन, परिश्रम और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का पाठ भी पढ़ाता है। यह आयोजन उत्तरी भारत का सबसे बड़ा दंगल बन चुका है, जिसमें युवाओं के साथ-साथ महिलाएं भी सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं। यह हमारे समाज में आ रहे सकारात्मक बदलाव और जनचेतना का प्रतीक है। उन्होंने अपनी ऐच्छिक निधि से 31 हजार रुपये देने की घोषणा की। साथ ही आश्वस्त किया कि भविष्य में इस दंगल को और अधिक व्यवस्थित एवं भव्य बनाने के लिए वह हरसंभव सहायता प्रदान करेंगे। इस अवसर पर डीएसपी विशाल वर्मा, नायब तहसीलदार प्रवेश शर्मा, मेला कमेटी प्रधान राजेश भल्ला और पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र मनकोटिया सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।