बीड़-बिलिंग में पर्यटकों की भारी भीड़, 235 विदेशी पायलट पहुंचे
सप्ताहांत और दशहरे की छुट्टियों के चलते विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग स्थल बीड़-बिलिंग में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। मौसम साफ होने के साथ ही देशी और विदेशी पर्यटकों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। बीते दिन पर्यटकों की संख्या इतनी अधिक रही कि ठहरने की जगह नहीं मिलने के कारण कई लोगों को वापस लौटना पड़ा। हालांकि, आज क्षेत्र में करीब 80 प्रतिशत ऑक्युपेंसी दर्ज की गई।
बीड़-बिलिंग में इन दिनों पैराग्लाइडिंग के लिए विदेशों से भी बड़ी संख्या में पायलट पहुंचे हैं। करीब 235 विदेशी पायलट यहां अपनी हवाई कलाओं को निखारने और लंबी उड़ानों का अभ्यास करने के लिए मौजूद हैं। हालांकि, मौसम अनुकूल नहीं रहने के कारण अभी तक लंबी उड़ानें शुरू नहीं हो पाई हैं।
होटल एसोसिएशन के संरक्षक दिनेश पॉल ने कहा कि मौसम अनुकूल रहने पर अगले एक-दो दिनों में लंबी उड़ानें शुरू होने की उम्मीद है। खराब मौसम के कारण उड़ानें प्रभावित होने से कई विदेशी पायलटों का निर्धारित प्रवास भी पूरा होने के करीब है। आमतौर पर 10 नवंबर तक विदेशी पायलटों का बीड़-बिलिंग में जमावड़ा लगा रहता है।
बेहतरीन उड़ानों के लिए बीड़-बिलिंग को दुनिया के प्रमुख पैराग्लाइडिंग स्थलों में गिना जाता है। यही वजह है कि हर साल दुनिया भर से पायलट यहां पहुंचते हैं। हालांकि, पिछले तीन-चार वर्षों में रूस और यूक्रेन से आने वाले पायलटों की संख्या में युद्ध के कारण कमी आई है। इसके बावजूद विदेशी पायलट लंबी उड़ानों का अभ्यास करने की उम्मीद में यहां पहुंच रहे हैं।