समग्र शिक्षा के अंतर्गत प्रदेश के 20 फीसदी स्कूलों का इस वर्ष सोशल ऑडिट किया जा रहा है। यह सोशल ऑडिट को हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी की ओर से किया जा रहा है। जिला कांगड़ा में ये सोशल ऑडिट समग्र शिक्षा के जिला परियोजना अधिकारी एवं ज़िला उपनिदेशक गुणवत्ता शिक्षा कंचन ज्योति के मार्गदर्शन में किया गया। सोशल ऑडिट के जिला समन्वयक डॉ. जोगिंद्र सिंह ने बताया कि जिला कांगड़ा के सभी शिक्षा खंडों में यह ऑडिट प्रदेश विश्वविद्यालय के प्रशिक्षित अनुसंधानकर्ताओं की ओर से लगभग 575 स्कूलों में सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इसमें प्रदेश विश्वविद्यालय के लगभग 20 अनुसंधानकर्ताओं ने अलग-अलग शिक्षा खंडों में किया। इसमें सरकारी स्कूलों की सम्पूर्ण जांच की गई। इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर स्कूल के सभी प्रतिमानों को देखा गया।
स्कूल प्रवंधन समिति के सदस्यों, अभिभावकों तथा अन्य सामुदायिक सदस्यों से भी स्कूल विकास व पढ़ने-पढ़ाने पर प्रश्न पूछे गए। इसमें स्कूल का मुखिया, अध्यक्ष व बच्चों के अभिभावकों, बच्चों, शिक्षकों आदि से प्रपत्रों से संबंधित प्रश्न रहे। उन्होंने बताया कि अभी ये ऑडिट पूर्णतः संम्पन्न नहीं हुआ है। अभी प्रत्येक शिक्षा खंडो में सार्वजनिक सुनवाई करवाई जाएगी, जिसमें सामुदायिक जनों पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षा विद्धाओं, प्रशासनिक अधिकारियों, को सम्मलित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में इस ऑडिट का सार्वजनिक अनुमोदन किया जायगा। ये ऑडिट प्रतिवर्ष 20 फीसदी स्कूलों का होगा तथा 2030 तक सभी स्कूलों में किया जाएगा।