धर्मशाला में सरदार वल्लभ पटेल की जयंती पर आयोजित रन फार यूनिटी में भाग लेते हुए नेता प्रतिपक्ष
धर्मशाला। राष्ट्रीय एकता के लिए शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर के साथ धर्मशाला के लोग दौड़े। रन ऑफर यूनिटी के तहत आयोजित इस मैराथन में शिलाचौक से लेकर दाड़ी मेला मैदान तक पैदल मार्च निकाला गया। इस दौरान जहां सरदार वल्लभ भाई पटेल को उनके किए गए कार्यों को लेकर याद किया गया, वहीं देश को एकता के सूत्र में पिरोने के लिए उनके दिए गए मंत्र को भी दोहराया गया।
भाजपा की ओर से सुबह 10 :30 बजे धर्मशाला में रन फॉर यूनिटी के तहत मैराथन का आयोजन किया। इसमें हिस्सा लेने के लिए जिले से लोग भी पहुंचे थे। कार्यकर्ता तय समय पर शिलाचौक में इकट्ठा हो चुके थे लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अन्य नेताओं सहित करीब 11: 30 बजे पहुंचे। इसके बाद मैराथन को शुरू किया गया। सरदार वल्लभ भाई पटेल अमर रहे के नारों के साथ शुरू हुई यह मैराथन दाड़ी मेला मैदान पहुंची, जहां पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा और कांगड़ा के विधायक पवन काजल ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान सुधीर शर्मा ने जहां इस मैराथन में पहुंचने के लिए कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया, वहीं कांगड़ा के विधायक पवन काजल ने प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों से लोगों को अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि आज डिपुओं में बाजार से भी महंगे दामों पर तेल और दालें मिली रही हैं, जो प्रदेश की जनता के साथ धोखा है। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सरदार पटेल के जीवन और उनके देश की एकता के लिए किए गए कार्यों से उपस्थित लोगों को अवगत करवाया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार को भी जमकर कोसा।