धर्मशाला। क्षेत्रीय अस्पताल में एक्सरे मशीन खराब होने से मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। अस्पताल में एक्सरे की सुविधा प्रभावित होने के कारण मरीजों को जांच करवाने के लिए निजी केंद्रों का रुख करना पड़ रहा है। इससे मरीजों को अतिरिक्त पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। मंगलवार तक मशीन के ठीक होने की संभावना है।
क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। इनमें कई मरीजों को डॉक्टर जांच के बाद एक्सरे करवाने की सलाह देते हैं। सरकारी अस्पताल में एक्सरे की सुविधा न मिलने के कारण मरीजों को निजी केंद्रों में जाकर जांच करवानी पड़ रही है। इससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहे हैं।
धर्मशाला अस्पताल में शुक्रवार सुबह को ही एक्सरे मशीन में कोई दिक्कत आ गई थी। इस कारण दो दिन से मरीजों के एक्सरे नहीं हो पा रहे हैं। खासकर आपातकालीन वार्ड में आने वाले मरीजों को ज्यादा परेशानी हो रही है। अस्पताल की ऑर्थो ओपीडी में रोजाना कई मरीजों के एक्सरे किए जाते हैं। शुक्रवार को मेडिकल बोर्ड होने के चलते भी कई लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
तीमारदार राकेश ठाकुर ने बताया कि उनके बेटे के सीने में दर्द हो रही थी और जांच के लिए धर्मशाला अस्पताल आए। यहां डॉक्टर ने एक्सरे करवाने के लिए कहा लेकिन एक्सरे वाले कमरे में पहुंचे तो वहां तैनात कर्मचारियों ने बताया कि मशीन खराब है और एक्सरे नहीं हो पा रहे हैं। निजी केंद्र में जाकर एक्सरे करवाना पड़ा।
क्रस्ना लैब के कर्मचारियों से सूचना मिली है कि एक्सरे मशीन खराब हो गई है। इस वजह से एक्सरे नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने बताया है कि मंगलवार तक मशीन को दुरुस्त करवा दिया जाएगा और मरीजों को सुविधा मिल सकेगी। - डॉ. अनुराधा शर्मा, एमएस, क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला