धर्मशाला अस्पताल की दिवारों पर आई सीलन। अमर उजाला
धर्मशाला। क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला के भवन को अब जल्द ही नया रूप दिया जाएगा। अस्पताल के रंग-रोगन और आवश्यक मरम्मत के लिए स्वास्थ्य निदेशालय की ओर से 20 लाख रुपये की राशि जारी की गई है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार रंग-रोगन का कार्य शुरू करने से पहले भवन की छत की मरम्मत करवाई जाएगी। बारिश के कारण छत से होने वाली सीलन और अन्य समस्याओं को दूर करने के बाद ही दीवारों पर रंग किया जाएगा।
अस्पताल भवन का रखरखाव और साफ-सफाई मरीजों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध करवाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। मौजूदा समय में अस्पताल में सीलन से दीवारों की हालत खस्ता है और जगह-जगह रंग उखड़ गया है।
इससे पहले 49 लाख रुपये की राशि भी अस्पताल प्रशासन को दी गई है, जिससे आईपीडी ब्लॉक की छत की टिन बदली जाएगी। बरसात के बाद इस कार्य को शुरू किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के पास यह राशि जमा करवा दी गई है।
उधर, क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला की एमएस डॉ. अनुराधा शर्मा ने बताया कि अस्पताल में लंबे समय से रंग-रोगन की जरूरत थी। अब निदेशालय से राशि मिल गई, जिससे काम शुरू किया जाएगा।
धर्मशाला अस्पताल की दिवारों पर आई सीलन। अमर उजाला