कांगड़ा में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में विजेता धर्मशाला की टीम
- फोटो : Kangra
कांगड़ा। एमसीएम डीएवी महाविद्यालय कांगड़ा में चल रही अंतर महाविद्यालय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला और राजकीय महाविद्यालय मंडी की टीम में खेला गया। इसमें धर्मशाला की टीम ने मंडी की टीम को परास्त कर दिया।
धर्मशाला कॉलेज की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में एक विकेट के नुकसान पर 194 रन बनाए। टीम की सोनल ने 47 गेंदों में ताबड़तोड़ 76 रन की पारी खेली। इसके अलावा हिमांशी ने 40 गेंदों में 73 रन बनाए और नैंसी ने 23 गेंदों पर 29 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मंडी कॉलेज की टीम मात्र 66 रनों के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। मंडी की टीम से रंजना ने 22 गेंदों में में 25 रन, हिमांशी ने 13 गेंदों में 15 रन बनाए।
वहीं धर्मशाला की तरफ से नैंसी ने पांच, हिमांशी और ताबिश ने एक-एक विकेट हासिल किया। प्रतियोगिता के फाइनल मैच में सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के डीन डॉ. राजेश कुमार शर्मा बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। कालेज के प्राचार्य डॉ. बलजीत सिंह पटियाल ने विजेता, उपविजेता टीमों को शुभकामनाएं दीं।