फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धर्मशाला: क्वालिफायर मुकाबले से पहले आरसीबी और गुजरात ने अभ्यास में बहाया पसीना

Mon, 25 May 2026 10:27 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला ब्यूरो, धर्मशाला।

सार

खिलाड़ियों ने फिटनेस ड्रिल, कैचिंग प्रैक्टिस और नेट्स में बल्लेबाजी व गेंदबाजी पर फोकस किया। आरसीबी की टीम करीब साढ़े चार बजे मैदान में पहुंची।
विज्ञापन
धर्मशाला में विराट कोहली सहित अन्य खिलाड़ियों ने किया अभ्यास। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आईपीएल क्वालीफायर-1 मुकाबले से पहले सोमवार को आरसीबी और गुजरात की टीम ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में जमकर पसीना बहाया। शाम के सत्र में पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम मैदान पर उतरी, जबकि बाद में गुजरात टाइटंस के खिलाड़ियों ने अभ्यास किया। खिलाड़ियों ने फिटनेस ड्रिल, कैचिंग प्रैक्टिस और नेट्स में बल्लेबाजी व गेंदबाजी पर फोकस किया। आरसीबी की टीम करीब साढ़े चार बजे मैदान में पहुंची। अभ्यास सत्र शुरू होने से पहले खिलाड़ियों ने वार्मअप और हल्की रनिंग की। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने मैदान में आते ही लंबे शॉट लगाकर दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा।

विज्ञापन


वहीं तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने नंगे पांव मैदान का चक्कर लगाते नजर आए। इसके बाद खिलाड़ियों ने कैचिंग ड्रिल और नेट्स में बल्लेबाजी का अभ्यास किया। गेंदबाजों ने भी अलग-अलग योजनाओं के तहत अपनी लाइन और लेंथ पर काम किया। शाम करीब साढ़े पांच बजे गुजरात टाइटंस की टीम मैदान में पहुंची। खिलाड़ियों ने सबसे पहले हल्की फिटनेस गतिविधियां कीं और फिर नेट्स में अभ्यास शुरू किया। टीम के कोच अशीष नेहरा भी पूरे समय खिलाड़ियों के साथ सक्रिय नजर आए। उन्होंने पिच का निरीक्षण करने के साथ खिलाड़ियों को जरूरी टिप्स भी दिए। गुजरात के खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में जमकर मेहनत की।

दोनों टीमों के लिए एक जैसी रहेंगी चुनौतियां : विजय

आईपीएल क्वालीफायर-1 से पहले गुजरात टाइटंस के सहायक कोच विजय दहिया ने कहा कि धर्मशाला में होने वाला मुकाबला बेहद रोमांचक रहने वाला है, क्योंकि दोनों टीमों की बल्लेबाजी और गेंदबाजी संतुलित नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि गुजरात टाइटंस पूरे सीजन में शानदार लय में रही है और टीम इस प्रदर्शन को क्वालीफायर मुकाबले में भी जारी रखना चाहेगी। उनके अनुसार दोनों टीमों के बल्लेबाज लगातार रन बना रहे हैं, लेकिन बड़े मैचों में गेंदबाजी ही निर्णायक भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि दोनों ही टीमों के गेंदबाज बेहतरीन तालमेल के साथ प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे मुकाबला और दिलचस्प बन गया है। विजय दहिया ने तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की तारीफ करते हुए कहा कि वह हर गेंद पर बारीकी से काम कर रहे हैं और मैच की परिस्थिति को समझते हुए गेंदबाजी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्य कोच अशीष नेहरा से भी सिराज को काफी मदद मिल रही है। धर्मशाला के हाई एल्टीट्यूड मैदान को लेकर उन्होंने कहा कि यहां की परिस्थितियां दोनों टीमों के लिए समान चुनौती पेश करेंगी। इस विकेट पर स्पिनरों के लिए बहुत ज्यादा मदद नहीं होती, लेकिन दोनों टीमों के पास अनुभवी स्पिनर मौजूद हैं, जिनका अनुभव अहम साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि विराट कोहली, शुभमन गिल और साई सुदर्शन जैसे बल्लेबाजों ने टी20 क्रिकेट के अनुसार अपनी तकनीक में बदलाव किया है, जिसका फायदा उन्हें लगातार मिल रहा है। वहीं राशिद खान को लेकर उन्होंने कहा कि सर्जरी और उसके बाद के दो सीजन उनके लिए अच्छे नहीं रहे, लेकिन इस सीजन में उन्होंने गेंदबाजी, फील्डिंग और हर विभाग में टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। गुजरात टाइटंस ने कठिन समय में भी राशिद का पूरा साथ दिया। विजय दहिया ने कहा कि दोनों टीमों के कई खिलाड़ी धर्मशाला में पहले खेल चुके हैं और यहां की परिस्थितियों से अच्छी तरह परिचित हैं। उनके अनुसार पावरप्ले के दौरान स्विंग गेंदबाजी और टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों का प्रदर्शन मैच का रुख तय कर सकता है।

अपनी स्ट्रेंथ पर फोकस करते हुए हर मैच जीतने को तैयार आरसीबी : रजत

क्वालीफायर-1 मुकाबले को लेकर आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने धर्मशाला में कहा कि यहां खेला गया पिछला मुकाबला टीम के लिए बेहतरीन रहा था और मौजूदा सीजन में टीम का प्रदर्शन भी काफी अच्छा रहा है। उन्होंने कहा कि जब कोई टीम टॉप-2 में फिनिश करती है तो मुकाबला स्वाभाविक रूप से कठिन होता है। आरसीबी हर मैच जीतने के इरादे से मैदान में उतरती है और टीम क्वालीफायर मुकाबले के लिए भी उसी सोच के साथ धर्मशाला पहुंची है। रजत ने कहा कि दोनों टीमें इस सीजन में शानदार क्रिकेट खेल रही हैं और दबाव के क्षणों में जो टीम बेहतर प्रदर्शन करेगी, वही विजेता बनेगी। उन्होंने अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि वह अपने काम को अच्छी तरह जानते हैं और उनकी लीडरशिप में युवा गेंदबाज भी बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि पिछला मुकाबला टीम के पक्ष में नहीं गया, लेकिन इस बार सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर तैयारी की जा रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि भुवनेश्वर और रशिक दोनों इस मैच में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। अभी तक प्लेइंग इलेवन तय नहीं की गई है।
विज्ञापन

आरसीबी कप्तान ने कहा कि उन्हें कप्तानी में अतिरिक्त दबाव महसूस नहीं हो रहा है, क्योंकि टीम के कोच, मैनेजमेंट और अनुभवी खिलाड़ियों, खासकर विराट कोहली से लगातार सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि टीम दूसरी टीम की रणनीति पर ज्यादा ध्यान देने की बजाय अपनी मजबूती के साथ मैदान में उतरना पसंद करेगी। रजत ने वेंकटेश अय्यर की भी सराहना करते हुए कहा कि वह उन्हें बचपन से जानते हैं और वे किसी भी क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मौके कम मिलने के बावजूद वेंकटेश ने जब भी अवसर मिला, खुद को साबित किया है। रजत ने कहा कि उन्होंने स्पिन गेंदबाजों की तुलना में तेज गेंदबाजों के खिलाफ अधिक रन बनाए हैं और घरेलू क्रिकेट के अनुभव का उन्हें आईपीएल में भी फायदा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में विकेट बल्लेबाजों के अनुकूल होते हैं और मैदान भी छोटे हैं, इसलिए टीम परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालकर बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करती है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें