धर्मशाला। जिलेभर में धनतेरस की धूम रही। लोगों ने धनतेरस के शुभ अवसर पर सोना-चांदी, झाडू सहित बर्तनों की खूब खरीदारी की। जीएसटी में कटौती के कारण लोग चौपहिया और दोपहिया वाहनों की भी खरीदारी कर रहे हैं। जिला कांगड़ा में करीब 50 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। अकेले कांगड़ा और नगरोटा उपमंडल में ही 12 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। नूरपुर, देहरा और पालमपुर में धनतेरस पर 8-8 करोड़ रुपये के करीब कारोबार होने का अनुमान है। धर्मशाला, योल और दाड़ी-सिद्धबाड़ी में पांच करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। ज्वालामुखी में पिछले साल के मुकाबले 20 फीसदी कारोबार ज्यादा हुआ यानी कुल 70 फीसदी कारोबार रहा। जिले के मुख्य बाजार कांगड़ा और धर्मशाला में 80 फीसदी कारोबार रहा। हालांकि, कुछ ग्राहकों ने शनिवार के कारण नई चीजें खरीदने से परहेज किया।
धनतेरस पर वाहन के शोरूमों पर दिनभर ग्राहकों की भीड़ रही। कई ग्राहकों ने नई बाइकें बुक करवाईं। सोना-चांदी के बाजार में भी रौनक रही। महिलाओं ने हल्की ज्वेलरी सहित चांदी के सिक्कों की खरीदारी की। बर्तन बाजार में स्टील, तांबा और पीतल के बर्तनों की बिक्री में खासा उछाल देखने को मिला। वहीं, जिलेभर में लगभग 80 फीसदी कारोबार हुआ।
20 अक्तूबर को मनाई जाएगी दिवाली
ज्वालामुखी के पुजारी एवं न्यास सदस्य अविनेंद्र शर्मा ने बताया कि शास्त्रों के अनुसार शिवरात्रि, होलिका दहन, जन्माष्टमी और दीपावली जैसे पर्वों का पूजन रात्रि में ही किया जाना शुभ माना गया है। इस वर्ष अमावस्या तिथि 20 अक्तूबर की रात्रि से प्रारंभ होकर 21 अक्तूबर की सुबह तक रहेगी। ऐसे में दीपावली पूजन का शुभ मुहूर्त 20 अक्तूबर की रात्रि को ही रहेगा। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि माता लक्ष्मी का पूजन 20 अक्तूबर की रात को ही करें। अविनेंद्र शर्मा ने कहा कि दीपावली पूजन के समय माता लक्ष्मी का आह्वान कर उनके प्रिय व्यंजन, फल एवं पूजन सामग्री अर्पित करनी चाहिए। घर में दीप जलाकर ‘श्री महालक्ष्म्यै नमः’ का जाप करें, जिससे घर में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे।
इलेक्ट्रॉनिक्स वस्तुओं की बिक्री में काफी इजाफा हुआ है। लोगों को जीएसटी कम होने का लाभ भी मिला है। इसके कारण पिछले साल के मुकाबले इस बार 30 फीसदी कारोबार हुआ है।
-सीएल मेहरा, इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी, धर्मशाला
इस बार धनतेरस पर बिक्री पिछले साल की तुलना में लगभग 20 प्रतिशत अधिक रही। लोगों में उत्साह दिखा और दिनभर बाजारों में खरीदारों की आवाजाही बनी रही। ज्वालामुखी में 70 फीसदी कारोबार रहा।
- अनीश सूद, अध्यक्ष व्यापार मंडल ज्वालामुखी
बर्तन विक्रेता अनीश ने बताया कि सुबह से शाम तक ग्राहकों की भीड़ लगी रही। इस बार स्टील के थाल, लोटा और दिवाली पूजा के बर्तनों की बिक्री सबसे ज्यादा रही। अच्छे कारोबार से व्यापारी वर्ग काफी उत्साहित है।
-अनीश, बर्तन विक्रेता, ज्वालामुखी
ऑटाेमाेबाइल के क्षेत्र में काफी अच्छा काराेबार हुआ है। 25 से 30 के करीब गाड़ियाें की बिक्री हुई है। पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष 30 प्रतिशत अधिक गाड़ियाें की बिक्री दर्ज की जा रही है। दिवाली और भैयादूज पर गाड़ियाें की बिक्री 50 से अधिक हाे सकती है।
-सागर चाैधरी, प्रबंधक हाेंडा शोरूम कांगड़ा
धर्मशाला के कोतवाली बाजार में लगभग 80 फीसदी के करीब कारोबार हुआ है। दुकानों पर दोपहर से ही चहल-पहल थी, जो देर शाम तक जारी रही।
- अनुज कश्यप, अध्यक्ष, कोतवाली बाजार व्यापार मंडल
पालमपुर में इस बार उत्तम कारोबार आंका गया है। पिछले साल के मुकाबले अच्छा कारोबार हुआ है। साथ ही इस बार लोगों को जीएसटी का भी काफी लाभ मिला।
- सुरेंद्र सूद, अध्यक्ष, पालमपुर व्यापार मंडल