कांगड़ा। नगर परिषद कांगड़ा की अध्यक्ष रेणु शर्मा ने शुक्रवार को आयोजित बैठक में घोषणा की कि आगामी समय में नगर परिषद के हर वार्ड में 15-15 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य करवाए जाएंगे। इसके साथ ही कांगड़ा और पुराना कांगड़ा के सभी पार्कों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा और पार्किंग की आवश्यकता वाले क्षेत्रों में पार्किंग निर्माण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। बैठक में निर्णय लिया कि सभी वार्डों में समान विकास सुनिश्चित किया जाएगा और पार्षदों को अपने वार्ड की प्राथमिक आवश्यकताओं के अनुसार प्रस्ताव भेजने के लिए कहा गया है। बैठक में वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी रणवीर सिंह वर्मा, सहायक अभियंता ललित कटोच, उपप्रधान राजकुमारी और अन्य मौजूद रहे।
ये निर्णय लिए
नगर परिषद का कार्यालय शीघ्र ही पुराना कांगड़ा मार्ग पर वार्ड-5 में स्थित भवन में शिफ्ट किया जाएगा।
नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को पुलिस के माध्यम से हटवाया जाएगा और सार्वजनिक मार्गों को डंपिंग साइट बनने से रोका जाएगा।
वार्ड-6 में बज्रेश्वरी मंदिर के पास नाले की सफाई 15 दिनों के भीतर करवाई जाएगी और लोहे का जाल लगाकर कूड़ा फेंकने पर रोक लगाई जाएगी।
नगर परिषद द्वारा एक फॉगिंग मशीन खरीदी जाएगी, जो सप्ताह में विभिन्न क्षेत्रों में मच्छरनाशक छिड़काव के लिए प्रयोग की जाएगी।
पीजी संचालकों के लिए दिशा-निर्देश तय किए जाएंगे और किरायेदारों के दस्तावेज अनिवार्य रूप से लेने के आदेश दिए जाएंगे।