परौर बस अड्डे पर ड्यूटी देते पुलिस कर्मी। संवाद
सुलह (कांगड़ा)। उपमंडल पालमपुर के परौर स्थित राधा स्वामी सत्संग घर में राधा स्वामी सत्संग ब्यास डेरा के प्रमुख गुरिंद्र सिंह ढिल्लों और नए उत्तराधिकारी हुजूर जसदीप सिंह गिल शुक्रवार को पहुंचे। शाम को सड़क मार्ग से कार के माध्यम से दोनों गुरु परौर पहुंचे।
दो दिन के समागम में वे शनिवार को संगत के सवालों के जवाब देने के साथ नामदान देंगे और रविवार को सत्संग करेंगे। वहीं, दोनों गुरुओं की एक साथ आने की खबर मिलने के बाद परौर में लोगों की भीड़ जुटना शुरू हो गई है।
इससे पहले गुुरुओं के हेलिकॅाप्टर के माध्यम से आने की योजना थी, लेकिन मौसम साफ न होने के कारण उन्हें सड़क मार्ग से आना पड़ा। इसी बीच शाम को हुजूर जसदीप सिंह गिल ने संगत को दर्शन भी दिए। वहीं, शुक्रवार सुबह से नामदान के पंजीकरण का दौर जारी रहा। सबसे पहले सुबह 8:00 से 11:00 बजे तक जिला कांगड़ा के लोगों ने, पूर्वाह्न 11:00 से दोपहर 1:00 बजे तक अन्य जिलों की संगत और 1:00 से दोपहर बाद 3:00 बजे तक बाकी संगत ने नामदान के लिए अपना पंजीकरण करवाया। इसके साथ ही शनिवार को महाराज की ओर से संगत के सवालों के जवाब दिए जाएंगे। साथ ही इस दौरान खुली कार में संगत को दर्शन दिए जाने की भी उम्मीद है।
वहीं, सत्संग के लिए तैयारियां पूरी तरह से चाक चौबंद हैं। डेरे के आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान है। यातायात व्यवस्था की बात किए जाए तो बीच-बीच में जाम की स्थिति उत्पन्न हुई और वाहन धीरे-धीरे आगे सरकते रहे।