धर्मशाला। गणतंत्र दिवस पर पुलिस मैदान धर्मशाला में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मुख्यातिथि होंगे। यह जानकारी उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने कार्यालय के एनआईसी सभागार में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। बैठक में उपायुक्त ने गणतंत्र दिवस समारोह के बेहतर आयोजन के लिए संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए।
डीसी ने बताया कि उप मुख्यमंत्री 26 जनवरी को सुबह 10:30 बजे शहीद स्मारक में माल्यार्पण के बाद पूर्वाह्न 11 बजे पुलिस मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इस दौरान पुलिस, होमगार्ड, एनएसएस, एनसीसी कैडेट्स की प्लाटूनों की ओर से शानदार मार्चपास्ट निकाला जाएगा। डीसी ने बताया कि मुख्यातिथि के जनता के नाम संदेश के उपरांत विभिन्न सांस्कृतिक दल सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। उपायुक्त ने धर्मशाला स्थित सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस समारोह में सम्मिलित होने को कहा। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार, एडीएम शिल्पी बेक्टा, एसपी देहरा मयंक चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेे।