बरियाल (कांगड़ा)। नगरोटा सूरियां से ब्लॉक मुख्यालय के जवाली शिफ्ट होने के बाद खाली हुए दो मंजिला परिसर को प्रशासनिक भवन का दर्जा देने की मांग उठी है। नगरोटा सूरियां और आसपास की पंचायतों के लोगों ने मुख्यमंत्री सुक्खू से इस संबंध में गुहार लगाई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस खाली परिसर को प्रशासनिक भवन बनाकर क्षेत्र के सभी स्थानीय सरकारी दफ्तर एक ही छत के नीचे चलाए जाएं।
स्थानीय निवासी रमेश चंद, सुरेश कुमार, सारांश और प्रवेश कुमार ने बताया कि इस भवन में कृषि व बागवानी विभाग के कार्यालय पहले से चल रहे हैं। तहसील कार्यालय भी यहीं स्थानांतरित हो चुका है। यह परिसर नगरोटा सूरियां नगर पंचायत सहित कथोली, सुकनाड़ा और बासा पंचायतों के केंद्र में पड़ता है। यहां पार्किंग की भी पर्याप्त सुविधा उपलब्ध है।
लोगों ने मांग की कि पटवार सर्कल नगरोटा सूरियां, कटोरा-2, नगर पंचायत और सीडीपीओ कार्यालय इसी छत के नीचे लाए जाएं। सीडीपीओ दफ्तर अभी किराये के भवन में चल रहा है। इसके अलावा पुराने तहसील भवन की मरम्मत करवाकर उसे पुलिस चौकी को सौंपने की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने यहां उच्च स्तरीय वेटरनरी अस्पताल और उन्नत कृषि एवं पशुपालन प्रजातियों का केंद्र खोलने की भी वकालत की है। उन्होंने कहा कि दोनों विभाग स्थानीय विधायक व कृषि मंत्री चंद्र कुमार के पास हैं। ऐसे में यह पहल किसानों की आय बढ़ाने में मददगार साबित होगी।