धर्मशाला। प्रदेश में बाल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 14 जून को डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा के सोभा सिंह ऑडिटोरियम में राज्य का पहला पीडियाट्रिक एंडोक्राइन सिम्पोजियम-2026 आयोजित किया जाएगा। धौलाधार पीडियाट्रिक एंड एडोलसेंट एंडोक्राइन केयर सोसायटी की ओर से आयोजित इस सम्मेलन में बच्चों में होने वाले हार्मोन और मेटाबोलिक रोगों पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे।
सम्मेलन के आयोजन सचिव एवं बाल रोग विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अतुल गुप्ता ने बताया कि बच्चों में टाइप-1 डायबिटीज, मोटापा, थायरॉयड रोग, कम लंबाई, वृद्धि संबंधी समस्याएं और समय से पहले या देर से यौवन आरंभ जैसे मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। ऐसे में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को नवीनतम जानकारी और प्रशिक्षण उपलब्ध कराना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में पीजीआईएमईआर चंडीगढ़, मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज नई दिल्ली, हिंदू राव अस्पताल दिल्ली और सीएमसी लुधियाना सहित देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञ भाग लेंगे। इस दौरान आधुनिक मधुमेह तकनीक, ऑटोमेटेड इंसुलिन डिलीवरी सिस्टम, कंटीन्यूअस ग्लूकोज मॉनिटरिंग और आनुवांशिक एंडोक्राइन विकारों पर विशेष व्याख्यान दिए जाएंगे।
विशेषज्ञों ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों में असामान्य वृद्धि, अत्यधिक प्यास, मोटापा या थायरॉयड संबंधी लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें ताकि समय रहते उचित उपचार सुनिश्चित किया जा सके।