देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। विकास खंड देहरा की पंचायतों में आगामी चुनावों के मद्देनजर मतदाता सूचियों को त्रुटिहीन बनाने के लिए 31 मार्च को विशेष ग्राम सभाएं होंगी। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी कांगड़ा के मार्गदर्शन में इसके लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य उन पंचायतों की मतदाता सूचियों को पारदर्शी बनाना है, जिनका हाल ही में विभाजन या पुनर्गठन हुआ है।
विशेष ग्राम सभाएं मुख्य रूप से बढ़ल, ढौंटा, बरवाड़ा, ढलियारा, सूरजपुर, बढ़हूं, धवाला, कुहरू, नंदपुर भटोली और नंदपुर पंचायतों में आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में प्रारूप मतदाता सूचियों को आम जनता के समक्ष रखा जाएगा, ताकि ग्रामीण अपने नाम, पते और अन्य विवरणों की स्वयं जांच कर सकें। यदि किसी भी विवरण में विसंगति पाई जाती है, तो उसे मौके पर ही दर्ज कर सुधार प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बीडीओ देहरा का कार्यभार संभाल रहे संजीव कुमार धीमान ने बताया कि बैठकों के सफल संचालन के लिए पंचायत सचिवों की ड्यूटी लगा दी गई है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि बैठक की कार्यवाही का रिकॉर्ड तैयार कर अगले ही दिन खंड विकास कार्यालय में रिपोर्ट जमा करें। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन बैठकों में भाग लेकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।