गुलेर (कांगड़ा)। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि देहरा में केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू) का निर्माण कार्य लगभग पूरा होने की स्थिति में है और दिवाली तक इसे देहरा को समर्पित किए जाने की उम्मीद है। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस केंद्रीय विश्वविद्यालय को हिमाचल और देहरा को समर्पित करने का आग्रह करेंगे।
हरिपुर में आयोजित आत्मीय संवाद कार्यक्रम में अनुराग ठाकुर ने कहा कि निर्माण से जुड़ी दिक्कतों को लेकर सीयू के कुलपति और केंद्रीय मंत्री से बातचीत हो चुकी है और शेष काम को जल्द पूरा करवाया जाएगा। उन्होंने प्रदेश सरकार पर पंचायत चुनाव टालने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार को हार का अंदेशा था, इसलिए चुनाव में जानबूझकर देरी की गई। मामला कोर्ट तक पहुंचा और कोर्ट के निर्देश के बाद चुनाव हुए।
उन्होंने कहा कि चुनाव होने के बाद भी जिला परिषद और बीडीसी अध्यक्षों के चयन में लंबा समय लगने से चुने हुए प्रतिनिधि 60-70 दिन तक खाली बैठे रहे। इसका सीधा नुकसान प्रदेश की जनता को हुआ। उन्होंने बजट खर्च में चार-चार माह की देरी और 15वें वित्त आयोग की राशि को लेकर भी सवाल खड़े किए।
सांसद ने देहरा क्षेत्र में विकास कार्यों का ब्योरा देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब 60 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाएं मंजूर करवाई गई हैं, जिन पर काम शुरू हो चुका है। इसके अलावा गुलेर, नंदपुर और नगरोटा सूरियां में तीन अंडरपास बनाए गए हैं। साथ ही हरिपुर के गोवर्धन धारी, कल्याण राय और सरस्वती माता मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए करीब 1.03 करोड़ रुपये स्वीकृत करवाए गए हैं, जिन्हें धार्मिक पर्यटन सर्किट से जोड़ा जाएगा।
क्रेडिट लेने की राजनीति छोड़ काम पर ध्यान दे सरकार
गगल (कांगड़ा)। कांगड़ा हवाई अड्डे पर अनुराग ठाकुर ने किशाऊ मल्टीपर्पस प्रोजेक्ट को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट किसी एक मुख्यमंत्री की उपलब्धि नहीं, बल्कि केंद्र और छह राज्यों के साझा प्रयासों का परिणाम है। इसमें 90 प्रतिशत वित्तीय बोझ केंद्र सरकार उठा रही है, जबकि 10 प्रतिशत राज्य वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार फोटो खिंचवाने और क्रेडिट लेने की राजनीति छोड़ काम पर ध्यान दे। साथ ही उन्होंने डिजिटल पेमेंट व यूपीआई की सराहना करते हुए कहा कि कांग्रेस इस पर बेवजह संशय पैदा कर रही है और देश की आलोचना करने में जुटी है।
हरिपुर में आत्मीय संवाद कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनते सांसद अनुराग ठाकुर। -स्रोत : जागर