परागपुर (कांगड़ा)। मरम्मत कार्य के लिए 17 से 31 दिसंबर तक बंद की गई नैहरनपुखर से नलेटी सड़क समय सीमा बीतने के बाद भी एक जनवरी को बहाल नहीं हो सकी। प्रशासन की ओर से तय की गई मियाद खत्म होने के बावजूद सड़क न खुलने से नववर्ष के पहले ही दिन राहगीरों और वाहन चालकों को भारी मुसीबत झेलनी पड़ी। यातायात कुप्रबंधन का आलम यह है कि नैहरनपुखर में तो पुलिस कर्मी तैनात हैं, लेकिन सुनहेत स्कूल और बलाहर मार्ग के मुख्य चौकों पर कोई सुरक्षा कर्मी मौजूद नहीं है।
इसके चलते एनएच से आने वाले छोटे वाहन चालक संकरी सड़कों पर दिशा भटक रहे हैं, जिससे बार-बार जाम की स्थिति पैदा हो रही है। सबसे बड़ी समस्या सिंगल रोड पर 10 टायर वाले भारी ट्रकों के प्रवेश से हो रही है। इन भारी वाहनों के कारण मार्ग पर घंटों लंबा जाम लग रहा है, जिससे कॉलेज जाने वाले विद्यार्थी और दैनिक यात्री समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। स्थानीय जनता ने प्रशासन से मांग की है कि सुनहेत से नलेटी की तरफ भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए और वैकल्पिक मार्गों के प्रवेश बिंदुओं पर पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
नई बनी सड़क पर तुरंत यातायात शुरू करने से उसके खराब होने का खतरा है, इसलिए इसे बहाल करने में 3-4 दिन का समय और लगेगा। सुनहेत स्कूल के पास पुलिस तैनाती और भारी वाहनों को रोकने के संबंध में पुलिस विभाग से बात कर उचित प्रबंध किए जाएंगे।
- कुलवंत सिंह पोटन, एसडीएम एवं आरटीओ, देहरा