धर्मशाला। जिला कांगड़ा में किशोरियों को जानलेवा सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। जिले में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चार और पांच अप्रैल को जिले के चिह्नित 64 केंद्रों में टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही हर रविवार को भी पात्र किशोरियों का टीकाकरण जारी रहेगा।
इस अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की कुल 16,533 बालिकाओं को जीवनरक्षक टीका लगाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बाजार में करीब 10 हजार रुपये की कीमत वाला यह टीका सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध होगा। यह सिंगल डोज का टीका बाएं ऊपरी बाजू में लगाया जाएगा।
टीकाकरण के बाद किसी भी संभावित प्रतिक्रिया की जांच के लिए बालिकाओं को 30 मिनट तक मेडिकल निगरानी में रखा जाएगा। जिले में टीकाकरण का सबसे बड़ा लक्ष्य स्वास्थ्य खंड तियारा को दिया गया है, जहां 1607 बालिकाओं को कवर किया जाएगा। वहीं, सबसे कम 135 बालिकाओं का टीकाकरण थुरल ब्लॉक में होगा। विभाग का लक्ष्य है कि 15 वर्ष की पात्र बालिकाओं को तीन महीने के भीतर इस सुरक्षा कवच से जोड़ दिया जाए।
जिले की 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं के लिए यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है। बाजार में इसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये है, लेकिन सरकार इसे निशुल्क उपलब्ध करवा रही है। मेरा अभिभावकों से अनुरोध है कि वे किसी भी तरह की भ्रांति में न आएं और अपनी बेटियों का टीकाकरण अवश्य करवाएं। -डॉ. विवेक करोल, सीएमओ, कांगड़ा
किस स्वास्थ्य खंड में कितनी बालिकाओं को लगेगा टीका
भवारना – 938
डाडासीबा– 816
देहरा – 940
फतेहपुर – 1,279
गोपालपुर – 1,338
इंदौरा – 974
जयसिंहपुर – 860
ज्वालामुखी – 1,243
महाकाल – 1,200
नगरोटा बगवां – 1,302
नगरोटा सूरियां – 1,150
नूरपुर – 1,221
शाहपुर – 1,530
थुरल – 135
तियारा – 1,607
कुल – 16,533 बालिकाएं