धर्मशाला। पिछले 10 दिन से सामाजिक पेंशन का लाभ लेने के लिए लोग ऑनलाइन ई-कल्याण पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर रहे हैं। पोर्टल पर प्रदेशभर के आवेदकों का आंकड़ा एक साथ दिखाया जा रहा है। इससे तहसील कल्याण कार्यालय में तहसीलदारों को अपनी तहसील का आंकड़ा निकालने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके बाद तहसील कल्याण अधिकारियों ने पोर्टल को जिला और तहसील के आधार पर अपडेट करने की मांग की है, ताकि तहसील का आंकड़ा निकालने पर आसानी से अपनी तहसील का आंकड़ा निकाला जा सके। उधर, अतिरिक्त जिला कल्याण अधिकारी कांगड़ा मंजुल ठाकुर ने बताया कि प्रदेश में अब तक 245 आवेदकों ने पेंशन लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है। निदेशालय की ओर से बनाए जा रहे पोर्टल पर प्रदेशभर का आंकड़ा दिखाई दे रहा है, जिससे खंडों में उपस्थित तहसील कल्याण अधिकारियों को अपनी तहसील का आंकड़ा निकालने में समय लगा रहा है। पोर्टल को तहसील के आधार पर करने के लिए निदेशालय को पत्र भेजा गया है।