धर्मशाला। धर्मशाला के दाड़नू से इंद्रूनाग और कोतवाली से दलाई लामा मंदिर से होते हुए भागसूनाग तक संपर्क सड़क को चौड़ा किया जाएगा। इसके साथ ही दोनों सड़कों के किनारे में पैरापिट, क्रैश बैरियर स्थापित करने के साथ सांकेतिक चिह्न और नालियों की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही सड़क पर टारिंग भी होगी। लोक निर्माण विभाग की ओर से इसके लिए 7.96 करोड़ रुपये का खर्च किए जाएंगे। दोनों सड़कों का सुधारीकरण होने के बाद वाहन चालकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
इससे पहले इन सड़कों के किनारों पर जगह कम होने के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। तंग सड़कों पर जहां वाहनों को पास देने में दिक्कतें पेश आती थीं। वहीं, हादसों का खतरा भी रहता था, लेकिन अब सड़क के चौड़ा होने से इन समस्याओं से छुटकारा मिलेगा।
विभाग की ओर से पीएमजीएसवाई के तहत बनाई दाड़नू से इंद्रूनाग और कोतवाली से भागसूनाग तक सड़क को चौड़ा किया जा रहा है। कार्य शुरू हो चुका है। कार्य को पूरा करने के लिए 12 माह का लक्ष्य रखा है। इससे वाहन चालकों को काफी राहत मिलेगी।
- डीएस ठाकुर, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग मंडल धर्मशाला