दिसंबर के वेतन में दी जाएगी डीए किस्त : बाली
लंबित डीए और एरियर के भुगतान पर हुई चर्चा
पर्यटन विकास निगम कर्मचारी संघ ने अध्यक्ष और एमडी को समस्याओं से करवाया अवगत
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों की बैठक निगम के अध्यक्ष आरएस बाली और निगम के प्रबंध निदेशक डॉ. राजीव कुमार के साथ धर्मशाला में हुई। इसमें हाल ही में पर्यटन निगम के कर्मचारियों के लंबित डीए/आईआर और वर्ष 2016 में प्रदेश सरकार की ओर से स्वीकृत छठे वेतनमान के एरियर के संदर्भ में चर्चा की गई। निगम प्रबंधन ने कर्मचारी संघ को आश्वस्त किया कि सभी लंबित एरियर एवं भत्ते आगामी समयावधि में दे दिए जाएंगे।
साथ ही प्रदेश सरकार की ओर से मार्च 2025 में घोषित तीन फीसदी डीए की किस्त को निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने दिसंबर के वेतन में शामिल करने की घोषणा भी की। कर्मचारी संघ ने इस महत्वपूर्ण निर्णय एवं सकारात्मक पहल के लिए निगम के अध्यक्ष का आभार जताया। आरएस बाली ने यह भी अवगत कराया कि निगम की आर्थिकी को और अधिक मजबूत बनाने के लिए भविष्य में अन्य निजी कंपनियों के साथ नियमों और शर्तों पर सहमति पत्र किए जाएंगे, जिससे निगम के कारोबार में और अधिक वृद्धि होगी तथा वित्तीय स्थिति सुदृढ़ होगी। इसके आधार पर निगम अपने सभी सेवानिवृत्त एवं कार्यरत कर्मचारियों की शेष देनदारियों का भी क्रमबद्ध तरीके से निपटान करेगा।
कर्मचारियों की वित्तीय देनदारियों को लेकर कर्मचारी संघ की ओर से निगम प्रबंधन के माध्यम से सरकार को भेजा गया अंतिम चेतावनी पत्र प्रबंधन की ओर से दिए गए आश्वासनों के आधार पर अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। बैठक में संघ के अध्यक्ष हुकम राम, राजकुमार शर्मा (महासचिव), राजीव सोनी (कार्यकारी अध्यक्ष), शशिपाल शर्मा (कार्यकारी अध्यक्ष/संगठन मंत्री), श्यामानंद (संयुक्त सचिव), प्रमोद गुलेरिया (संयुक्त सचिव), हीरानंद शर्मा (प्रेस सचिव), चेत राम ठाकुर (कार्यालय सचिव), अरुण सकलानी और विपिन आदि मौजूद रहे।