चामुंडा (कांगड़ा)। श्री चामुंडा नंदीकेश्वर धाम में रविवार के दिन 20 हजार श्रद्धालु मां चामुंडा के दरबार में नतमस्तक हुए। इस दौरान ने जाम ने श्रद्धालुओं को खूब परेशान किया। रविवार को सुबह की आरती के समय से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगनी शुरू हो गई। वहीं, साथ लगते गांव डाढ में श्रद्धालुओं की आवाजाही के कारण तीन घंटे तक जाम लगा रहा, जिससे श्रद्धालुओं को गर्मी के मौसम भारी दिक्कत हुई।
पहले डाढ चौक में दो पुलिस के जवान तैनात किए गए, जिससे ऐसी समस्या उत्पन्न नहीं होती थी। बिना हेलमेट और तेज रफ़्तार से गाड़ी चलाने वालों से भी राहत मिली थी, लेकिन जब से यहां से पुलिस बल को हटाया गया है, फिर से पहले वाली स्थिति हो गई है। स्थानीय लोगों प्यार चंद, सुशील कुमार, अजीत कुमार, संजय, परवीन, सुरेश, संजय धीमान, विजय, अजय, अशोक, संतोष, करतार और स्थानीय प्रधान प्रवीण कुमार ने प्रशासन से मांग की है डाढ चौक में फिर से पुलिस बल तैनात किए जाएं।
बाहरी राज्यों में अत्यधिक गर्मी पड़ने के कारण और स्कूलों में छुट्टियां होने के कारण रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु चामुंडा मंदिर पहुंचे। रविवार शाम तक लगभग 20 हजार श्रद्धालुओं ने मां चामुंडा के दरबार में हाजिरी भरी। श्रद्धालुओं ने अपनी तपस निकालने के लिए साथ बहती बाणगंगा में घंटों स्नान करने का आनंद लिया और मौज मस्ती की। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं।
गिरिराज ठाकुर, मंदिर अधिकारी, श्री चामुंडा नंदीकेश्वर धाव