पालमपुर (कांगड़ा)। उपमंडल में अब चोरी या अन्य घटना, दुर्घटना करने वाले आरोपी और संदिग्ध परिस्थितियों में घूमने वाले किसी भी हालत में पुलिस की नजर से नहीं बच पाएंगे। वहीं बिना गाड़ी के नंबर, ओवरस्पीड, बिना सीट नंबर या किसी को टक्कर मारकर भाग जाने वाले भी नहीं बच पाएंगे। पुलिस जल्द उपमंडल की प्रमुख जगहों या चौकों पर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाएगी। पुलिस ने इसका प्रस्ताव बनाकर एसपी कार्यालय धर्मशाला भेज दिया है। इसे जल्द मंजूरी मिलने की संभावना है। उपमंडल पालमपुर में चोरी, वाहन से टक्कर मार कर भाग जाना, ओवरस्पीड, बिना नंबर के वाहन समेत अन्य घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस उपमंडल पालमपुर के करीब 15 प्रमुख जगहों और चौकों पर हाई विजन के सीसीटीवी कैमरे लगाने जा रही है।
इन जगहों पर लगेंगे कैमरे
पालमपुर में प्रवेश और निकलने वाली हर जगह, कृषि विवि चौक, एसएसबी चौक, न्यूगल कैफे चौक, कालू दी हट्टी, चौक, ठाकुरद्वारा चौक, अंद्रेटा, बनूरी, नगरी, चौकी, खलेठ समेत अन्य जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
पुलिस ने भेजा प्रस्ताव : डीएसपी
डीएसपी लोकेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि पुलिस पालमपुर उपमंडल में कई जगहों और चौकों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रस्ताव भेजा है। जल्द इन जगहों पर कैमरे लगा दिए जाएंगे। कहा कि कई बार अब तक यहां पर सीसीटीवी कैमरे न होने से कई घटनाओं-दुर्घटनाओं को सुलझाने में लंबा समय लग जाता है लेकिन इन कैमरों के लगने से काफी हादसों का जल्द पता लगाया जाएगा। इससे कोई भी अपराधी पुलिस की नजर से बच नहीं पाएगा।